Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले में जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 104 लाभुकों को मंजूरी दी गई है। इनमें 45 नए बच्चे शामिल हैं, जबकि 59 बच्चों को दूसरे वर्ष भी योजना का लाभ मिलता रहेगा। इसे लेकर जिला मुख्यालय में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमिटी की बैठक हुई। बैठक में योजना के तहत बच्चों को मिल रही सहायता की समीक्षा की गई। साथ ही नए लाभुकों के चयन और पहले से सहायता प्राप्त कर रहे बच्चों की स्थिति पर चर्चा की गई।
59 बच्चों को दूसरे वर्ष भी मिलेगी सहायता
समिति ने कुल 104 लाभुकों को योजना से जोड़ने की मंजूरी दी। इनमें 45 नए लाभुक हैं, जिन्हें पहली बार सहायता मिलेगी। वहीं, 59 ऐसे बच्चे हैं, जो पहले एक वर्ष तक योजना का लाभ ले चुके हैं। उन्हें दूसरे वर्ष के लिए भी सहायता जारी रखने की स्वीकृति दी गई है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ वास्तविक और जरूरतमंद बच्चों तक ही पहुंचे। इसके लिए आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
आवेदनों को लंबित नहीं रखने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि स्पॉन्सरशिप योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का क्रमवार निष्पादन किया जाए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। प्रक्रियागत बाधाओं को दूर कर पात्र बच्चों तक समय पर सहायता पहुंचाने पर जोर दिया गया। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पहले से लाभ ले रहे बच्चों का नियमित फॉलोअप करने का भी निर्देश दिया। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
CNCP से जुड़े आवेदनों का जल्द निपटारा करें
बैठक में उपायुक्त ने बाल कल्याण समिति को देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों (CNCP) से संबंधित आवेदनों का भी जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित दस्तावेज और संचिकाएं जल्द से जल्द जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके और जरूरतमंद बच्चों को शीघ्र सहायता मिल सके।






















