जामताड़ा में दर्दनाक सड़क हादसे के बाद बवाल, युवक की मौत पर लोगों ने किया रोड जाम

Meenu | May 28, 2026 | 12:58 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा शहर में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक स्कूटी डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और विरोध में सड़क जाम कर दिया गया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

यह भी पढ़ें :जामताड़ा में हाईवे पर पलटी तेज रफ्तार कार, एयरबैग खुलने से बचीं 7 जानें

पेट्रोल पंप में घुस रहे डंपर से हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर एक डंपर पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पेट्रोल पंप की ओर मुड़े। बताया जा रहा है कि इसी दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक स्कूटी समेत डंपर के नीचे आ गए। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

तीलाबाद निवासी रोनित राय की हुई मौत

मृत युवक की पहचान जामताड़ा शहर के तीलाबाद निवासी रोनित राय के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। घायल दोनों युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें पहले जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।

टाइगर मोबाइल जवानों ने पहुंचाए घायल अस्पताल

घटना के समय मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही थाना से भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने की कोशिश शुरू कर दी।

सड़क जाम कर लोगों ने जताया विरोध

युवक की मौत से नाराज लोगों ने दुमका रोड मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इलाके में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों पर सख्ती बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में गम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Share this news

संबंधित खबरें