जामताड़ा में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, एक माह बाद भी मुख्य आरोपी फरार

Meenu | March 30, 2026 | 05:43 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले से दहेज हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीरगांव में नवविवाहिता सायरा खातून की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के एक महीने बाद भी मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटकने को मजबूर है। मृतका के भाई रिजाउल अंसारी के अनुसार, सायरा की शादी दो वर्ष पहले बीरगांव निवासी अब्दुल हमीद से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करता था। घटना से एक दिन पहले सायरा अपने मायके आई थी और पैसे लेकर ससुराल लौटी थी। आरोप है कि अगले ही दिन पति और अन्य ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें :गिरिडीह: दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी एपीके फाइल से करते थे ठगी

कुछ आरोपी पकड़े गए, बाकी फरार

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पति और उसके भाई को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि, सास, ससुर और अन्य आरोपी अब तक फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि फरार आरोपी केस वापस लेने के लिए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। परिजनों ने 23 मार्च को जामताड़ा एसपी और डीएसपी को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पुलिस कार्रवाई पर सवाल

घटना के एक महीने बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। परिवार न्याय की मांग कर रहा है और जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें