दुमका में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, कोलकाता STF की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Samachar Post रिपोर्टर,दुमका : जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक ठिकाने का पर्दाफाश किया है। रामगढ़ मोड़ के पास रेलवे ओवरब्रिज के समीप एक किराए के मकान में चल रहे इस कथित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा कोलकाता एसटीएफ (STF) से मिले इनपुट के आधार पर किया गया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए हैं।

यह भी पढ़ें : झारखंड में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, 15 जिलों में वज्रपात की चेतावनी

कोलकाता STF की पूछताछ में मिला सुराग

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले कोलकाता एसटीएफ ने हथियार तस्करी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों से मिली जानकारी के आधार पर हंसडीहा में अवैध हथियार निर्माण के इस ठिकाने का पता चला। इनपुट मिलने के बाद दुमका पुलिस और कोलकाता एसटीएफ की टीम ने बुधवार देर शाम चिन्हित मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से हथियार निर्माण और उनकी फिनिशिंग में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया।

कई थाना प्रभारियों के साथ एसपी ने संभाली कमान

कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार खुद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। संयुक्त ऑपरेशन में हंसडीहा सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद, हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत यादव, सरैयाहाट थाना प्रभारी अनुज कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार और जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार समेत कोलकाता एसटीएफ की टीम शामिल रही।

हथियार कहां सप्लाई होते थे, इसकी जांच जारी

पुलिस ने बरामद सभी उपकरणों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस ठिकाने पर कितने समय से अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे और यहां बने हथियारों की सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के मुताबिक, मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क हो सकता है। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

संबंधित खबरें