हिमांशु सिंह हत्याकांड: पुलिस दबाव में एक और आरोपी राघवेंद्र ने किया सरेंडर, पूछताछ जारी

Meenu | July 14, 2026 | 02:36 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस दबाव के बाद मामले के एक और आरोपी राघवेंद्र ने मंगलवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि राघवेंद्र इस मामले में अप्राथमिकी आरोपी है। जांच के दौरान उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। पुलिस की बढ़ती दबिश के बाद उसने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। सरेंडर के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस राघवेंद्र से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों से उसके संबंधों को लेकर जानकारी जुटा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

यह भी पढ़ें : बंटी यादव हत्याकांड: परिजनों से मिले पप्पू यादव, बिहार में कानून व्यवस्था और कथित सेक्स रैकेट पर उठाए सवाल

कई आरोपियों पर हो चुकी है कार्रवाई

गौरतलब है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस अब तक कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल और भाजपा नेता नीरज सिंह से पुलिस ने तीन दिनों तक रिमांड पर पूछताछ की थी। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, डीडी बार के प्रबंधक विजय महानंद को भी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें