Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन का ब्यौरा साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद ने दावा किया कि उनके कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को हजारीबाग और रामगढ़ में प्रभावी ढंग से लागू किया गया। उन्होंने बताया कि संसद में उनकी उपस्थिति 96 प्रतिशत रही है। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, सड़क, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, पेयजल, जनजातीय कल्याण, ऊर्जा, आवास और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों से जुड़े 211 प्रश्न उठाए तथा 38 मंत्रालयों से विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगे।
लाखों लोगों को योजनाओं से जोड़ने का दावा
मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और पीएम निधि योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में लाखों लोगों को लाभ से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि पीएम-कुसुम योजना के अंतर्गत हजारीबाग में 3,023 और रामगढ़ में 2,016 किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए गए हैं। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की कार्यशैली के कारण अभी भी कई पात्र लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

सड़क, आवास और रेलवे परियोजनाओं का दिया ब्यौरा
सांसद के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हजारीबाग में 93 किलोमीटर और रामगढ़ में 66 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया गया है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हजारीबाग में 10,854 और रामगढ़ में 6,622 आवासों का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बरकाकाना रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। साथ ही बरकाकाना-कोडरमा रेलखंड के दोहरीकरण का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र में रेल संपर्क और सुविधाओं में सुधार होगा।

यह भी पढ़ें: गुमला के कस्तूरबा स्कूल हॉस्टल में 10वीं की छात्रा ने की आत्महत्या
महिला सशक्तिकरण पर विशेष फोकस
मनीष जायसवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हजारीबाग में 820 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत भी शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े कई अभियान चलाए गए। उन्होंने कहा कि एक सांसद की जिम्मेदारी केवल संसद तक सीमित नहीं होती, बल्कि केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना और क्षेत्र के विकास को गति देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य के साथ वे लगातार जनसेवा और विकास कार्यों में जुटे हुए हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

