गोपालगंज में चिकित्सकों ने 70 वर्षीय महिला के पेट से 11 किलो का ट्यूमर निकालकर दी नई जिंदगी

Samachar Post रिपोर्टर, बिहार: गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड में चिकित्सा जगत की एक बड़ी सफलता दर्ज की गई। खजुरहां स्थित गिरिजा शंकर हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने 70 वर्षीय महिला केहुली देवी के पेट से 11 किलो का विशाल ट्यूमर निकालने में सफलता पाई, जिससे उनकी जान बची और उन्हें नई जिंदगी मिली।

लंबे समय से परेशान थीं पीड़िता

परसौनी गांव निवासी केहुली देवी लंबे समय से पेट दर्द, भारीपन और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याओं से जूझ रही थीं। ट्यूमर के आकार में लगातार बढ़ोतरी होने के कारण उनका चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया था। परिजनों ने कई अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन उनकी उम्र अधिक होने के कारण अधिकांश डॉक्टर ऑपरेशन करने से इनकार कर देते थे।

यह भी पढ़ें: पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा की संपत्ति का खुलासा

खजुरहां में हुई सफल सर्जरी

अंततः केहुली देवी को खजुरहां के गिरिजा शंकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मुख्य सर्जन डॉ. संदीप कुमार गुप्ता ने केस की गंभीरता को देखते हुए ऑपरेशन का फैसला किया। जांच में पता चला कि ट्यूमर आंतरिक अंगों पर दबाव डाल रहा था। मंगलवार शाम को लगभग तीन घंटे चली इस जटिल सर्जरी में डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक 11 किलो का ट्यूमर निकाल दिया। इस सर्जरी में डॉ. मुकेश जायसवाल, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार गुप्ता, ओटी असिस्टेंट शिवशंकर शर्मा, नर्सिंग स्टाफ की अहम भूमिका रही।

ऑपरेशन के बाद की स्थिति

सर्जरी के बाद केहुली देवी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और आवश्यक चिकित्सा देखभाल जारी है। इस सफलता ने न सिर्फ चिकित्सा क्षेत्र में स्थानीय डॉक्टरों की क्षमता को साबित किया है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में जटिल सर्जरी के महत्व और उपलब्धता का भी संदेश दिया है।

Share this news

संबंधित खबरें