गढ़वा में खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, ब्लीचिंग पाउडर से लदा वाहन जलकर राख

Rupa Kumari | May 22, 2026 | 12:53 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र स्थित कोईंदी गांव में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ब्लीचिंग पाउडर लेकर जा रहा था ट्रक

जानकारी के अनुसार ट्रक में ब्लीचिंग पाउडर लोड था, जिसे रेणुकूट से जालेश्वर ले जाया जा रहा था। चालक अलीमन अंसारी ने बताया कि उनकी तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने रात में ही वाहन मालिक को इसकी सूचना दी थी। मालिक ने तबीयत ठीक होने पर निकलने या सुबह दूसरा चालक भेजने की बात कही थी। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया था।

यह भी पढ़ें: झारखंड के प्राथमिक शिक्षकों को बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने न्यूनतम वेतन ₹16,290 देने का दिया आदेश

ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की

सुबह ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी वाहन के करीब नहीं जा सका। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरा ट्रक जलकर राख हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

टाउन हॉल के पास ट्रांसफार्मर में भी लगी आग

इधर, गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल के पास एक ट्रांसफार्मर में भी आग लगने की घटना सामने आई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Share this news

संबंधित खबरें