Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड सरकार ने करीब पांच वर्ष बाद झारखंड रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (JHARERA) के चेयरमैन पद पर पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय कुमार सिंह की नियुक्ति कर दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। अधिसूचना के अनुसार, सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नलिन कुमार को झारेरा का सदस्य नियुक्त किया गया है। झारेरा के चेयरमैन का पद जनवरी 2021 से रिक्त था। इससे पहले सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आर.एस. पोद्दार इस पद पर कार्यरत थे। उनके कार्यकाल समाप्त होने के बाद से इस पद पर नियमित नियुक्ति नहीं हो सकी थी।
यह भी पढ़ें :कोडरमा: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, आदित्य साहू ने किया पौधारोपण
दो बार निकला विज्ञापन, फिर भी नहीं हो सकी नियुक्ति
राज्य सरकार ने वर्ष 2024 और 2025 में झारेरा चेयरमैन की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किए थे। हालांकि, चयन प्रक्रिया अंतिम चरण तक नहीं पहुंच सकी और पद लंबे समय तक खाली रहा।

हाईकोर्ट तक पहुंचा था मामला
झारेरा में रिक्त पदों का मामला झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा था। सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार से पूछा था कि चेयरमैन, एडजुडिकेटिंग ऑफिसर और अन्य खाली पदों को भरने की समय-सीमा क्या है। याचिका में कहा गया था कि चेयरमैन का पद जनवरी 2021 से और एडजुडिकेटिंग ऑफिसर का पद नवंबर 2022 से रिक्त पड़ा है, जिससे प्राधिकरण के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पूर्व डीजीपी अजय कुमार सिंह की नियुक्ति के बाद झारेरा के लंबित मामलों के निपटारे और प्राधिकरण के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Reporter | Samachar Post

