Samachar Post रिपोर्टर,रांची :मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचना, उपलब्ध सुविधाओं और खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से शूटिंग रेंज के संचालन, रखरखाव और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें :JSSC ने सचिवालय आशुलिपिक भर्ती परीक्षा रद्द की, विभाग ने वापस ली पदों की मांग
खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की बुनियादी सुविधा की कमी न हो और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का उद्देश्य है। इसके लिए खेल परिसरों और प्रशिक्षण केंद्रों को लगातार विकसित किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post

