रांची में करंट से युवक की मौत, पेड़ पर चढ़कर दतवन तोड़ना पड़ा भारी

Rupa Kumari | February 23, 2026 | 04:53 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बुढ़मू थाना क्षेत्र के नाऊज गांव में एक 14 वर्षीय किशोर सोनू लोहरा की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिंदू बसाईर के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार, सोनू लोहरा दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था और इसी दौरान पेड़ के पास लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह अचेत हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बिजली की तार टूटने से पेड़ के नीचे सूखी झाड़ियों में भी आग लग गई।

तत्काल प्रतिक्रिया

आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और बिजली आपूर्ति बंद करवाई। घटना स्थल पर बिजली विभाग और पुलिस की टीम पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। अंचल अधिकारी सच्चिदानंद वर्मा ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां में सड़क हादसा, पिता की मौत, बेटा घायल

ग्रामीणों की नाराजगी

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के किनारे खुले में 11 हजार वोल्ट के तार की स्थिति बेहद खतरनाक है। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद सोनू की मां घटना स्थल पर बदहवास होकर गिर पड़ीं, जिन्हें ग्रामीणों ने पानी छिड़ककर होश में लाया। पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है।

Share this news

संबंधित खबरें