Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में ट्रेन की चपेट में आने से एक 28 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। गोमोह-बरकाकाना रेलखंड के जारंगडीह–बोकारो थर्मल सेक्शन में कोणार साइडिंग, बड़वाबेड़ा के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
यह भी पढ़ें : चतरा में कुएं से 19 वर्षीय युवती का शव बरामद, कई दिनों से थी लापता; पुलिस जांच में जुटी
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार, गोमोह-बरकाकाना रेलखंड में पोल संख्या 39/13 एवं 39/14 के बीच रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

पहचान के लिए जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष है। उसने सफेद, काले और पीले रंग की टी-शर्ट तथा काले रंग की पैंट पहन रखी थी। हादसे में उसका दाहिना पैर ट्रेन से कट गया है। वहीं उसके दाहिने हाथ पर गोदना (टैटू) में ‘करण’ नाम लिखा हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना पुलिस और गोमिया से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Reporter | Samachar Post

