Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर राजनीतिक और सामाजिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। मामले के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। इसकी जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने दी।आदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में कानून का राज नहीं रह गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने भी कहा कि प्रदेश में लगातार बिगड़ती विधि-व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा ने जमशेदपुर बंद का निर्णय लिया है। इधर, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा बुधवार शाम बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक निषेधाज्ञा लागू होने के कारण स्थगित कर दी गई।

न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
हिमांशु सिंह के परिजनों ने अपने रुख को और कड़ा करते हुए कहा है कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। परिजनों ने सरकार से कई मांगें रखी हैं, जिनमें मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच प्रमुख हैं। परिजनों का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना पोस्टमार्टम कराया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। उन्होंने शव लेने से भी इनकार कर दिया है। परिवार का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे शव स्वीकार नहीं करेंगे। हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है और विभिन्न संगठनों के साथ-साथ राजनीतिक दल भी मामले में सक्रिय नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: झारखंड के 12 जिलों पर सूखे का खतरा, राज्य में अब तक 54% कम बारिश

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

