पटना जिले में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू, 17 अक्टूबर तक दाखिल होंगे पर्चे

Rupa Kumari | October 10, 2025 | 12:13 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की अधिसूचना जारी होने के साथ ही पटना जिले में पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। जिले की 14 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार 10 से 17 अक्टूबर तक हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी नामांकन स्थलों पर बैरिकेडिंग, मजिस्ट्रेट की तैनाती और पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। नामांकन स्थल के 100 मीटर दायरे में तीन से अधिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। साथ ही प्रत्याशियों और समर्थकों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है।

प्रमुख तिथियां

  • 10 अक्टूबर: नामांकन की शुरुआत
  • 17 अक्टूबर: नामांकन की अंतिम तिथि
  • 18 अक्टूबर: नामांकन पत्रों की जांच
  • 20 अक्टूबर: नाम वापसी की अंतिम तिथि
  • 6 नवंबर: मतदान की तिथि

यह भी पढ़ें : करवा चौथ 2025: आज मनाया जा रहा सुहाग का पावन पर्व, महिलाएं रख रही निर्जला व्रत

विधानसभावार नामांकन स्थल

मोकामा बाढ़ एसडीओ कार्यालय, दीघा और बांकीपुर पटना कलेक्ट्रेट, पटना साहिब पटना सिटी एसडीओ कार्यालय, अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए संबंधित एसडीओ कार्यालयों को नामांकन स्थल बनाया गया है।

डिजिटल पारदर्शिता पर जोर

इस बार चुनाव आयोग ने नामांकन प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल सुविधाओं पर विशेष जोर दिया है। उम्मीदवारों को अपने शपथपत्र, संपत्ति विवरण और आपराधिक मामलों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। साथ ही, इन दस्तावेजों की हार्ड कॉपी भी नामांकन के समय जमा करनी अनिवार्य होगी।

मतदाता सूची में नाम कटने पर मुफ्त कानूनी सहायता

पटना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) ने घोषणा की है कि अगर किसी मतदाता का नाम सूची से हट गया है, तो उसे मुफ्त कानूनी सहायता दी जाएगी। इसके लिए हर ब्लॉक में पारा विधिक स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं और जिला स्तर पर हेल्प डेस्क की स्थापना भी की गई है।

Share this news

संबंधित खबरें