Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) कार्यालय के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम से पहले तमाड़ में राजनीतिक माहौल गरमा गया। रांची की ओर जा रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने तमाड़ के पास रोक दिया, जिसके बाद नाराज कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और सरकार व जेपीएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता “तानाशाही नहीं चलेगी”, “जेपीएससी मुर्दाबाद” और “युवाओं के साथ अन्याय बंद करो” जैसे नारे लगाते रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने से रोका जा रहा है।
JPSC घेराव में शामिल होने जा रहे थे कार्यकर्ता
भाजयुमो द्वारा बुधवार को रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक रांची पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में तमाड़ क्षेत्र से गुजर रहे कार्यकर्ताओं के एक जत्थे को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध
कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से रांची जाकर आंदोलन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके विरोध में वे सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं और रांची जाने की अनुमति की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर, मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें : JPSC विवाद पर आजसू का हमला, परवाज खान ने की CBI जांच की मांग
JPSC मुद्दे पर गरमाई राजनीति
जेपीएससी परीक्षा परिणाम और कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य में राजनीतिक बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे हैं। भाजपा और भाजयुमो इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर हैं, जबकि अभ्यर्थियों के बीच भी परीक्षा प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल तमाड़ में धरने पर बैठे कार्यकर्ता अपने रुख पर कायम हैं और प्रशासन के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

