Samachar Post रिपोर्टर , गोड्डा : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गुरुवार को गोड्डा के प्रसिद्ध कालीपीठ मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में मां काली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित आश्रम में रह रहे बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया। आश्रम में बच्चों ने बाबूलाल मरांडी से उनकी शिक्षा, राजनीतिक जीवन और व्यक्तिगत अनुभवों से जुड़े सवाल किए। मरांडी ने बच्चों के सवालों का जवाब दिया और शिक्षा को आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने बच्चों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास करते रहने की बात कही।
सबसे छोटी बच्ची को गोद में लेकर दुलारा
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने आश्रम में रह रही सबसे छोटी बच्ची से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्ची को गोद में लेकर दुलार किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आश्रम में बच्चों की देखभाल और शिक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी ली।
2005 से संचालित हो रहा है आश्रम
जानकारी के अनुसार, आश्रम का संचालन वर्ष 2005 से वंदना दुबे द्वारा किया जा रहा है। मरांडी ने आश्रम में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही देखभाल और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बच्चों से बातचीत की।




















