Samachar Post डेस्क,बिहार : बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन है। सोमवार को शपथ न ले पाने वाले सात विधायकों को आज शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद स्पीकर पद के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार ने स्पीकर पद के लिए नामांकन किया है। उनके खिलाफ किसी अन्य विधायक ने दावेदारी नहीं की है, इसलिए उनका स्पीकर चुना जाना लगभग तय है। केवल औपचारिक घोषणा शेष है। शपथ और चुनाव प्रक्रिया के बाद सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी जाएगी।
पहले दिन अनुपस्थित रहे विधायक
पहले दिन भाजपा और जदयू के कुल सात विधायक शपथ नहीं ले पाए थे। भाजपा के जीवेश मिश्रा और विनय बिहारी स्वास्थ्य खराब होने के कारण मौजूद नहीं थे। जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह जेल में होने की वजह से सदन नहीं पहुंच सके। विधानसभा सचिवालय ने बताया कि अनंत सिंह को बाद में शपथ दिलाई जाएगी। तीन अन्य विधायक और मंत्री मदन सहनी भी पहले दिन अनुपस्थित थे, जिन्हें आज शपथ दिलाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 मिनी ऑक्शन: 1355 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, कई बड़े विदेशी सितारे शामिल
पहले दिन का माहौल: कई दृश्य रहे चर्चा में
नवनिर्वाचित विधायकों ने पहले दिन पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान जदयू विधायक विभा देवी शपथ पढ़ने में असमर्थ रहीं। सबसे युवा विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर मिथिला पाग और मधुबनी पेंटिंग वाली साड़ी पहनकर मैथिली भाषा में शपथ लेने के कारण सुर्खियों में रहीं। सत्र के दौरान मंत्री रामकृपाल यादव और तेजस्वी यादव के एक-दूसरे से गले मिलने का दृश्य भी चर्चा का विषय रहा।
तीसरे दिन राज्यपाल का संबोधन
सत्र के तीसरे दिन राज्यपाल सदन को संबोधित करेंगे और सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और आगे की कार्ययोजना के बारे में जानकारी देंगे। उसके बाद दो दिनों तक अभिभाषण पर चर्चा होगी। इसी अवधि में अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा, जिस पर विस्तृत बहस की संभावना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।