Samachar Post रिपोर्टर, रांची : हरियाणा के पंचकूला में 6 दिसंबर से 9 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (IISF) 2025 का कर्टेन रेजर कार्यक्रम रांची मौसम केंद्र में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए और उन्होंने विज्ञान के महत्व के साथ-साथ मौसम पूर्वानुमान की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची एयरपोर्ट निदेशक अनिल कश्यप रहे। बच्चों को IISF से जुड़े वीडियो दिखाए गए और उन्हें बताया गया कि यह महोत्सव विज्ञान और तकनीक को समझने, स्टार्टअप शुरू करने और ज्ञान बढ़ाने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
बच्चों ने जाना मौसम का पूर्वानुमान कैसे होता है
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय के माध्यमिक वर्ग के बच्चों ने सीखा कि मौसम वैज्ञानिक हवा की गति, वर्षा की मात्रा, आसमान की गतिविधियां और चक्रवात आदि का पूर्वानुमान विज्ञान की मदद से कैसे करते हैं। केंद्रीय विद्यालय की नौंवीं क्लास की छात्राएं विनीता और अयुक्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम बहुत जानकारीपूर्ण रहा और उन्होंने जाना कि विज्ञान की मदद से जीवन कितना आसान बन सकता है।
यह भी पढ़ें: बॉक्साइट कारोबारी पर हमले का मामला: साक्ष्य के अभाव में राहुल सिंह बरी, कोर्ट से बड़ी राहत
अनिल कश्यप बोले , जिसने विज्ञान को अपनाया वही देश विकसित हुआ
मुख्य अतिथि अनिल कश्यप ने बच्चों से कहा कि विज्ञान को अपनाए बिना कोई देश तरक्की नहीं कर सकता। उन्होंने नई पीढ़ी को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु रहने और एक विकसित तथा आत्मनिर्भर भारत बनाने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए बच्चों को ऊंचे सपने देखने की प्रेरणा दी।
साइंस और टेक्नोलॉजी से मिटती है अमीर-गरीब की दूरी: अभिषेक आनंद
रांची मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि IISF की शुरुआत 2015 में हुई थी और यह हर साल किसी न किसी शहर में आयोजित होता है। इस साल महोत्सव की थीम “विज्ञान से समृद्धि फॉर आत्मनिर्भर भारत” रखी गई है। उन्होंने बच्चों को तकनीकी और वैज्ञानिक ज्ञान बढ़ाने की आवश्यकता बताई और कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर आम लोग भी इस फेस्टिवल के कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान मौसम वैज्ञानिक उपेन्द्र श्रीवास्तव ने झारखंड में मौसम और सिविल एविएशन में विज्ञान के महत्व के बारे में बच्चों को जानकारी दी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।