झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह, 21 छात्रों को मिला गोल्ड मेडल

Rupa Kumari | November 21, 2025 | 05:31 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : स्थापना के नौ वर्ष बाद झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत मंडप में अपना पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया। विश्वविद्यालय के इतिहास में यह दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। कार्यक्रम में कुलाधिपति एवं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

673 छात्रों को डिग्री, 21 मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल

समारोह में विश्वविद्यालय के, फॉरेंसिक साइंस, साइबर सिक्योरिटी, सिक्योरिटी मैनेजमेंट, एमएससी फॉरेंसिक साइंस, एमए/एमएससी क्रिमिनोलॉजी के छात्रों को डिग्री प्रदान की गई। कुल 673 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनमें से 21 छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल दिया गया। इसमें यूजी (2019 आगे) और पीजी (2020 आगे) पासआउट छात्र शामिल थे।

यह भी पढ़ें: रांची में पार्किंग और ऑटो स्टैंड की नई व्यवस्था जारी, निगम ने पूरी सूची सार्वजनिक की

खूंटी में 75 एकड़ में बनेगा स्थायी परिसर

कुलपति राहुल कुमार पुरवार ने बताया कि विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर के लिए खूंटी में 75 एकड़ में भवन निर्माण परियोजना (DPR) अंतिम चरण में है। आने वाले वर्षों में विश्वविद्यालय का अपना भव्य भवन तैयार हो जाएगा।

अतिथियों ने छात्रों को दी शुभकामनाएं

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों के लिए गुरुकुल से मिली महत्वपूर्ण दीक्षा है। यहां से निकले विद्यार्थी समाज को अपराधमुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। संजय सेठ ने कहा कि डिग्री सिर्फ एक कागज़ नहीं, बल्कि पंख है जो युवाओं को देश सेवा के नए अवसरों तक ले जाएगा। राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि पहला दीक्षांत समारोह राज्य का भी गौरव है। विकसित भारत 2047 में युवाओं की अहम भूमिका होगी और यह विश्वविद्यालय रक्षा क्षेत्र में एक मिसाल बनेगा।

कुलसचिव डॉ. हेमेंद्र कुमार भगत ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और समारोह को सफल बनाने के लिए सभी को बधाई दी।

Share this news

संबंधित खबरें