Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक में गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह लगभग 11:30 बजे पुराने कोर्ट और लाइफ लाइन की ओर से आ रही दो टाटा फोर-व्हीलर कारें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, दोनों कारों के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में दो महिलाओं और एक चालक को हल्की चोटें आईं।
तेज रफ्तार टियागो कार ने मारी जोरदार टक्कर
भुइयांडीह के नीतिबाग कॉलोनी निवासी मोहित सामंत ने बताया कि वे अपनी पत्नी प्रियंका सामंत के साथ नेक्सन कार से जेल चौक मार्ग होकर साकची की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आबकारी थाना के पास सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित टियागो कार ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के एयरबैग खुल गए, जिससे जान-माल की बड़ी क्षति से बचाव हुआ। झटका इतना तेज था कि मोहित और उनकी पत्नी कुछ समय के लिए बेहोश हो गए। बाद में उन्हें होश आने पर पता चला कि प्रियंका को हल्की चोट आई है। उनका इलाज अस्पताल में कराया गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2025: “नो योर टूरिस्ट पैलेस” साइकिल रैली का फ्लैग ऑफ
एयरबैग ने बचाई जान, बाल-बाल बचे यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टियागो कार पश्चिम बंगाल नंबर की थी और अत्यधिक तेज गति से आ रही थी। ऐसा लग रहा था कि चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन नियंत्रण खो बैठा। इस दुर्घटना में टियागो कार के चालक और पीछे बैठी महिला को भी हल्की चोटें आईं। लोगों का कहना है कि यदि दोनों कारों में एयरबैग नहीं होते, तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।