Samachar Post डेस्क, रांची :राजधानी दिल्ली में मंगलवार शाम हुए बम विस्फोट के बाद केंद्र सरकार एक्शन मोड में आ गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देर रात सुरक्षा एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस हमले में शामिल हर व्यक्ति को चिन्हित किया जाएगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा, इस कृत्य में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, एजेंसियां कठोर कार्रवाई करेंगी। धमाके में कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। बैठक कर्तव्य पथ स्थित कर्तव्य भवन में हुई, जो गृह मंत्री के आवास पर पहले हुई प्रारंभिक बैठक का विस्तार थी।
यह भी पढ़ें :सिवान में सड़क हादसा: ट्रक ने किशोरी को कुचला, पुलिस की देरी पर भड़के लोग, 5 घंटे तक जाम
बैठक में शीर्ष सुरक्षा अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी निदेशक तपन डेका, एनआईए प्रमुख सदानंद वसंत दाते, दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा और जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात (वर्चुअल) शामिल हुए। इस दौरान विस्फोट की जांच की प्रगति, राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
लाल किला मेट्रो के पास कार में हुआ था धमाका
ब्लास्ट सोमवार शाम करीब 7 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 4 के बीच ट्रैफिक सिग्नल के पास खड़ी एक हुंडई i20 कार में हुआ था। धमाके के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंची थीं और जांच शुरू कर दी थी। घटना की जानकारी मिलते ही अमित शाह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त और आईबी प्रमुख से सीधे बात कर मल्टी-एजेंसी जांच का निर्देश दिया था। शुरुआती जांच में इसे संभावित आतंकी घटना मानते हुए केस को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दिया गया है, जो अब औपचारिक रूप से दिल्ली पुलिस से जांच का पूरा जिम्मा लेगी।
फोरेंसिक टीमों ने जुटाए अहम सबूत
पहले चरण में NSG और FSL की टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि मंगलवार सुबह NIA और FSL की संयुक्त टीम ने मौके पर दोबारा पहुंचकर अतिरिक्त फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। जांच एजेंसियां विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री, संभावित आतंकी कनेक्शन और फंडिंग नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
फरीदाबाद में मिले विस्फोटक से भी जोड़ा जा रहा कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा समीक्षा के दौरान फरीदाबाद में हाल ही में बरामद भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और दिल्ली ब्लास्ट के बीच संभावित लिंक को लेकर भी चर्चा हुई है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों मामलों के तार किसी बड़े मॉड्यूल या नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि जांच हर दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, ताकि दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जा सके।
Reporter | Samachar Post