Samachar Post डेस्क, रांची : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज गोल्ड कोस्ट के करारा ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:45 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1:15 बजे होगा। फिलहाल सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, और दोनों टीमें बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
टीम इंडिया में बदलाव और रणनीति
भारत ने स्पिनर कुलदीप यादव को टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए रिलीज कर दिया है। उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिलने की संभावना है। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने तीन मैचों में 112 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 167.16 रहा है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती चार विकेट के साथ सबसे सफल रहे हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आज अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर के 100 विकेट पूरे करने के करीब है, फिलहाल उनके नाम 78 मैचों में 98 विकेट हैं।
ऑस्ट्रेलिया की तैयारी
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ओपनर ट्रैविस हेड को बाहर किया है और उनकी जगह मैथ्यू शॉर्ट को मौका मिल सकता है। ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इंजरी से उबरने के बाद आज वापसी कर सकते हैं। वहीं तेज गेंदबाज नाथन एलिस अब तक सीरीज में सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।
करारा ओवल पर पहली बार उतरेगी टीम इंडिया
यह पहला मौका होगा जब भारत गोल्ड कोस्ट के करारा ओवल मैदान पर कोई टी-20 मुकाबला खेलेगा। इस मैदान पर अब तक केवल दो टी-20 मैच हुए हैं, एक में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और दूसरे में पीछा करने वाली टीम जीती है। यहां का सबसे बड़ा स्कोर 146 रन है, जो ऑस्ट्रेलिया ने 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था।
मौसम का हाल
गोल्ड कोस्ट में मुकाबले के दौरान बारिश की संभावना बेहद कम (10%) है। मौसम साफ रहने की उम्मीद है और मैच बिना रुकावट के पूरा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में तेजी: सेंसेक्स 83,783 और निफ्टी 25,664 के पार
संभावित प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोयनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जैवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशस, नाथन एलिस, मैथ्यू कुह्नेमन।
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।