- गुस्से में आकर पति ने की पत्नी की हत्या
Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शुक्रवार देर रात पति शिबू कच्छप ने अपनी पत्नी राहिल कच्छप की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया और गुस्से में आकर शिबू ने यह कदम उठा लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिबू कच्छप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें :दुलारचंद यादव की मौत गोली से नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
शक के चलते बढ़ा विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिबू कच्छप को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से तनाव चल रहा था। शुक्रवार देर रात जब झगड़ा बढ़ गया, तो शिबू ने गुस्से में राहिल का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
2011 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, शिबू और राहिल कच्छप की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। कुछ समय तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनके बीच मनमुटाव बढ़ गया था। हत्या के बाद आरोपी बस्ती में ही छिपा रहा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
Reporter | Samachar Post