- बड़ी चोरी की वारदात
Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज:साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ बाजार में भगत मोहल्ला स्थित चंचला ज्वेलर्स की दुकान से देर रात 15 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी हुई। चोरों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और लोहे की तिजोरी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। यह वारदात तीनपहाड़ थाना से मात्र 100-150 मीटर की दूरी पर हुई। घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
घटना का विवरण
दुकान के मालिक अरुण सोनी ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे उन्हें संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। जब वे पहुंचे, तब 6-7 नकाबपोश अपराधी हथियार लहराते हुए भाग चुके थे। चोरों ने पहले शटर तोड़ा, फिर तिजोरी का ताला तोड़कर लगभग 5 किलो सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर चोरी कर लिया गया ताकि पहचान न हो सके। घटना से नाराज व्यापारियों ने लगभग एक घंटे तक बाजार बंद कर सड़क जाम किया। थाना प्रभारी से बातचीत के बाद जाम हटाया गया।
यह भी पढ़ें :ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025: फाइनल में भारत vs दक्षिण अफ्रीका
पुलिस और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई
थाना प्रभारी एम.के. पांडेय ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी, साक्ष्य जुटाने और फुटेज खंगालने का काम शुरू किया।थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। स्थानीय व्यापारियों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की। चोरी की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post