Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर में ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को काशीडीह रामनवमी मैदान में धूमधाम से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा नेता प्रतिपक्ष व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया।
यह भी पढ़ें :1 अक्टूबर से बदलेंगे 5 बड़े नियम, जेब पर होगा सीधा असर
भव्य आयोजन में शामिल हुए दिग्गज नेता
इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और भाजपा नेता अभय सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ 11 पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि से किया गया। अतिथियों ने फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया और मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर आशीर्वाद लिया।
नेताओं ने मां दुर्गा की महिमा का किया वर्णन
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जमशेदपुर की पूजा संस्कृति हर वर्ष नए उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाती है, जो समाज में आस्था और एकता का संदेश देती है। सांसद विद्युत वरण महतो ने पंडाल और प्रतिमा की भव्यता की सराहना की और बताया कि इस बार झारखंड और बंगाल के कारीगरों ने मिलकर पंडाल तैयार किया है। विधायक पूर्णिमा दास साहू ने नारी शक्ति के प्रतीक मां दुर्गा के स्वरूप की महत्ता पर प्रकाश डाला।
अनोखे थीम और कारीगरी का नजारा
इस वर्ष का पंडाल विशेष रूप से आकर्षक है। पटमदा (बंगाल) के कारीगरों ने इसे तैयार करने में तीन महीने का समय लिया है। काश, पुआल और FRP से बने इस पंडाल को तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है—
- पहले हिस्से में गुजराती ढोल और डांडिया नृत्य का प्रदर्शन
- दूसरे हिस्से में श्रीकृष्ण की जीवन लीला (माखन खाना, पूतना वध, कंस वध और कालिया नाग वध)
- गर्भगृह में मां दुर्गा, सरस्वती, लक्ष्मी, गणेश और कार्तिकेय की भव्य प्रतिमाएं
हजारों की भीड़ ने देखा उद्घाटन
पूजा पंडाल उद्घाटन समारोह में काशीडीह के हजारों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सम्राट सिंह ने किया, स्वागत भाषण राज सिंह और धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने दिया। क्लब के 200 से अधिक सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी आयोजन का हिस्सा बने।
Reporter | Samachar Post