मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट में झारखंड की बेटियों का जलवा, फाइनल में सोनीपत को 2-1 से हराया

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-17) का खिताब अपने नाम कर लिया है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा की टीम ने 19 अक्टूबर को नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में डायरेक्टोरेट जनरल एनसीसी, सोनीपत को 2-1 गोल से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप 1 लाख 60 हजार रुपये दिए गए।

राजमुनी कुमारी और आरती कुमारी ने दागे गोल

फाइनल मुकाबले में झारखंड और सोनीपत की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दूसरे क्वार्टर में झारखंड की राजमुनी कुमारी ने 21वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में सोनीपत की आरती कुमारी ने 38वें मिनट में गोल दागकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने धैर्य और बेहतर तालमेल के साथ खेल जारी रखा। चौथे क्वार्टर में 53वें मिनट में आरती कुमारी ने एक और फील्ड गोल किया, जिससे झारखंड ने 2-1 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। निर्धारित समय तक सोनीपत की टीम बराबरी नहीं कर सकी और झारखंड ने खिताब जीत लिया।

निपुणता कुल्लू बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की निपुणता कुल्लू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में हिस्सा लिया था। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने स्कोर बराबर होने के बाद भी धैर्य बनाए रखा और बेहतर रणनीति के दम पर जीत हासिल की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई

झारखंड की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने विजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस जीत को राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment