मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

गढ़वा के मझिआंव बाजार में कपड़ा दुकान और होटल में लगी आग, 10.50 लाख रुपये का नुकसान

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले के मझिआंव मुख्य बाजार में सोमवार को भीषण आग लगने से एक कपड़ा दुकान और बगल का होटल इसकी चपेट में आ गए। नगर पंचायत-ब्लॉक रोड मोड़ स्थित रेडिमेड कपड़ों की दुकान फंकी बॉयज कलेक्शन में लगी आग तेजी से फैलते हुए पीयूष होटल तक पहुंच गई। इस घटना में दोनों प्रतिष्ठानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। कपड़ा दुकान के संचालक अनिल कुमार गुप्ता के मुताबिक, दुकान में करीब 10 लाख रुपये का सामान जल गया। वहीं, पीयूष होटल में लगभग 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग, पुलिस और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। पानी के टैंकर और अग्निशमन वाहन की मदद से आग पर काबू पाया गया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दुकान से धुआं उठते ही बाजार में मची अफरा-तफरी

मझिआंव मुख्य बाजार में सोमवार को फंकी बॉयज कलेक्शन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकानदार अनिल कुमार गुप्ता को दी। दुकानदार के पहुंचने तक आग दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और बगल में स्थित पीयूष होटल तक पहुंच गईं। इससे होटल में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दशहरा, छठ और दीपावली के लिए मंगाए थे नए कपड़े

दुकानदार अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि दशहरा, छठ और दीपावली को देखते हुए उन्होंने रविवार को ही दुकान के लिए नए कपड़े मंगाए थे। त्योहारों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद से उन्होंने अपनी पूंजी का बड़ा हिस्सा सामान खरीदने में लगाया था। लेकिन आग लगने से कपड़ों के साथ काउंटर और दुकान का अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। दुकानदार ने करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। वहीं, पीयूष होटल में लगभग 50 हजार रुपये का सामान जलने की बात सामने आई है। इस घटना से दोनों कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर

आग लगने की सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी और थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए नगर पंचायत की ओर से पानी का टैंकर मंगाया गया। स्थानीय लोगों ने भी उपलब्ध संसाधनों और पानी की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में सहायता की। हालांकि, तब तक दुकान और होटल में रखा काफी सामान जल चुका था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग की शुरुआत कैसे हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। त्योहारों के लिए खरीदे गए सामान के जलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

मझिआंव में स्थायी दमकल वाहन उपलब्ध कराने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मझिआंव में स्थायी दमकल वाहन की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार में कई दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। ऐसे में आग लगने की स्थिति में तत्काल अग्निशमन सुविधा उपलब्ध होना जरूरी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मझिआंव में स्थायी दमकल वाहन उपलब्ध रहने से आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी और बड़े नुकसान को रोकने में मदद मिलेगी। लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment