Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर विशाल हॉस्पिटल के सामने स्थित एक पेट्रोल पंप के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने अचानक पेट्रोल पंप के सामने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों समेत आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
फायरिंग के बाद मौके से फरार हुए हमलावर
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अचानक गोलियां चलने से लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















