Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी में बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के बीच हिंदपीढ़ी-कडरू मार्ग पर एक हादसा हो गया। बारिश के दौरान एक ओमनी कार सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरी। दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर चालक को वाहन से बाहर निकाला। बताया गया कि बारिश के बीच हिंदपीढ़ी-कडरू मार्ग से गुजरते समय अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद वाहन सड़क के किनारे बने खुले नाले में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तत्काल राहत-बचाव में जुट गए।
खुले नाले के कारण बढ़ा हादसे का खतरा
घटना के बाद सड़क किनारे खुले पड़े नाले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के आसपास न पर्याप्त बैरिकेडिंग है और न ही सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई गई है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से सड़क और नाले का अंतर भी साफ दिखाई नहीं देता। ऐसे में वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा इंतजाम की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से खुले नाले के आसपास जल्द बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में ऐसे खुले नाले बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। फिलहाल घायल चालक को इलाज के लिए भेजे जाने की जानकारी है। हादसे को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
















