Samachar Post डेस्क, रांची : मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाला पार करने के दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार तेज पानी के बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं।
मंदिर से दर्शन के बाद नाला पार कर रहे थे
जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद वे मंदिर के पास स्थित बरसाती नाले को पार कर रहे थे। लगातार बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान कार पानी की तेज धारा में असंतुलित होकर बह गई। देखते ही देखते वाहन पानी में दूर तक चला गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू टीम ने शुरू किया तलाशी अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नाले और उसके आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान कार में सवार सभी लोगों के शव बरामद कर लिए गए। प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। हादसे में शामिल कार मध्य प्रदेश नंबर की बताई जा रही है।
बारिश में तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस और प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत और बचाव कार्य संभाला। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बरसाती नालों और तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने की कोशिश न करें। पानी का बहाव अधिक होने पर ऐसे स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है।



















