Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : दत्तोपंत ठेंगड़ी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में शनिवार को आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। मेले का उद्घाटन उपायुक्त आलोक कुमार ने किया। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में 13 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जिनमें आठ स्थानीय कंपनियां भी शामिल थीं।
अभ्यर्थियों से मिले उपायुक्त, बढ़ाया उत्साह
रोजगार मेले के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और नौकरी की तलाश में पहुंचे युवाओं से बातचीत की। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नौकरी केवल नियुक्ति पत्र प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह परिवार की उम्मीदों और भविष्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी होती है।

मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ने की सलाह
उपायुक्त ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में मिलने वाले हर अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि जहां भी रोजगार मिले, वहां पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। मेहनत और अनुशासन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
यह भी पढ़ें : फर्जी IPS बनकर पुलिस से कराई वाहनों की जांच, दो गिरफ्तार
युवाओं से अवसरों का लाभ उठाने की अपील
आलोक कुमार ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच बेहतर संवाद का माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपनी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुसार उपलब्ध अवसरों का चयन करने तथा अपने करियर को नई दिशा देने का आह्वान किया। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया और अभ्यर्थियों को रोजगार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीकरण कर रोजगार के अवसरों की जानकारी हासिल की।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


