Samachar Post रिपोर्टर ,बिहार : बिहार के औरंगाबाद में खुद को ट्रेनी IPS अधिकारी बताकर पुलिस पर रौब जमाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पलामू के एक युवक ने थाने के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर खुद को प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताया और छापेमारी के लिए पुलिस बल की मांग की। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए पुलिस की गश्ती टीम उसके साथ मौके पर पहुंची और NH-139 पर वाहनों की जांच भी की। पुलिस के मुताबिक, मामले में कथित फर्जी IPS के चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेदिनीनगर निवासी पिंटू कुमार और चैनपुर थाना क्षेत्र के कुंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।
गश्ती टीम को साथ लेकर कराई वाहनों की जांच
बताया गया कि कथित फर्जी IPS ने पुलिस को फोन कर छापेमारी के लिए बल मांगा। इसके बाद गश्ती टीम उसके साथ जसोइया मोड़ से पटना जाने वाली सड़क पर पहुंची। पुलिस टीम के साथ उसने NH-139 पर सीमेंट फैक्ट्री तक वाहनों की जांच कराई। इस दौरान सब्जी कारोबारी समेत कई लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद टीम अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन की तरफ रवाना हुई। स्टेशन के पास शहर की ओर आ रहे एक टेंपो को रोककर उसमें सवार तीन यात्रियों से पूछताछ की गई।
दो युवकों को स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गया
टेंपो में हरिहरगंज थाना क्षेत्र के आलोक कुमार और सुनील कुमार रवि भी सवार थे। आरोप है कि कथित फर्जी IPS ने दोनों युवकों को अपनी स्कॉर्पियो में बैठा लिया और उन्हें मदनपुर की ओर ले जाने लगा। वहीं, तीसरे यात्री अजय कुमार को छोड़ दिया गया। अजय ने इसकी जानकारी दोनों युवकों के परिजनों को दी। इसके बाद दोनों युवकों के एक रिश्तेदार, जो झारखंड पुलिस में दारोगा हैं, ने कथित फर्जी IPS से फोन पर बातचीत की।

दारोगा से बात होने पर खुलने लगी पहचान
पुलिस के अनुसार, दारोगा से बातचीत के दौरान आरोपी को अपनी पहचान उजागर होने का अंदेशा हुआ। इसके बाद उसने दोनों युवकों को कामा बिगहा जीटी रोड के पास उतार दिया और स्कॉर्पियो लेकर वहां से फरार हो गया। पीड़ित युवकों ने आरोप लगाया कि उन्हें मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करने से रोका गया। उन्होंने डराने-धमकाने और मारपीट का भी आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें : डालटेनगंज मॉड्युलर OT टेंडर पर सवाल, 10 माह बाद वित्तीय बोली खोलने की तैयारी
पुलिसकर्मी को भी बातचीत से रोकने का प्रयास
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि कथित आरोपी ने नगर थाना के एक दारोगा को भी मोबाइल पर किसी से बातचीत करने से रोकने का प्रयास किया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कथित फर्जी IPS के चालक समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने खुद को IPS अधिकारी बताकर पुलिस को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश किस उद्देश्य से की थी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


