Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : अपराध के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस की साख मजबूत करने वाले थाना प्रभारी दीपक सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (IG) की अनुशंसा पर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की। दीपक सिंह ने प्रिंस खान गैंग और राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गिरोह से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी में उनके नेतृत्व को पुलिस प्रशासन ने सराहनीय माना। इसी आधार पर आईजी स्तर से उनके नाम की अनुशंसा की गई थी।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह के मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र के SNCU में धुआं भरने से अफरातफरी, नवजातों को सुरक्षित निकाला गया
‘जिस भरोसे से जिम्मेदारी मिली, उस पर खरे उतरे’
प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए एसपी अमन कुमार ने थाना प्रभारी दीपक सिंह के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद और भरोसे के साथ दीपक सिंह को बड़कागांव थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उस पर वे पूरी मजबूती से खरे उतरे हैं। एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में दीपक सिंह की सक्रियता प्रशंसनीय रही है। उनकी कार्यशैली से पुलिस की कार्रवाई को गति मिली है और अपराध के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

पुलिस कार्रवाई से आम लोगों में बढ़ा भरोसा
बड़कागांव थाना क्षेत्र में लगातार की जा रही पुलिस कार्रवाई का असर आम लोगों के बीच भी दिखाई दे रहा है। खासकर व्यापारियों और विभिन्न कंपनियों से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। अपराधियों के खिलाफ सख्ती और त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। स्थानीय स्तर पर भी थाना प्रभारी दीपक सिंह की कार्यशैली की चर्चा हो रही है।
सम्मान से पूरी पुलिस टीम का बढ़ा उत्साह
अपराध के खिलाफ सख्ती और ड्यूटी के प्रति समर्पण को लेकर पुलिसकर्मियों और आम लोगों के बीच थाना प्रभारी दीपक सिंह की सराहना की जा रही है। पुलिस प्रशासन की ओर से मिला यह सम्मान न केवल दीपक सिंह के लिए, बल्कि बड़कागांव थाना की पूरी टीम के लिए भी उत्साह बढ़ाने वाला है।

Reporter | Samachar Post


