5 दिन काम की मांग पर बैंक कर्मचारियों का धरना, अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : पांच दिन बैंकिंग और दो दिन साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर शुक्रवार को रांची समेत देशभर में बैंक कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। रांची में भी बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी आंदोलन में शामिल हुए। कर्मचारियों ने कहा कि फाइव डे बैंकिंग की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें : गुमला में आधी रात अवैध बॉक्साइट खनन पर छापा, ग्रामीणों ने 2 ट्रक और JCB पकड़े

2015 से उठ रही फाइव डे बैंकिंग की मांग

बैंक कर्मचारियों के मुताबिक फाइव डे बैंकिंग की मांग वर्ष 2015 से लगातार उठाई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को भी इस मुद्दे पर सहमति बनने की बात सामने आई थी और संशोधन के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। हालांकि, केंद्र सरकार की मंजूरी नहीं मिलने के कारण इसे लागू नहीं किया जा सका। कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में नई नियुक्तियां नहीं होने से मौजूदा कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ता जा रहा है। उनका दावा है कि कई बैंककर्मियों को रात 9 से 10 बजे तक काम करना पड़ता है।

वर्क-लाइफ बैलेंस के लिए पांच दिन का कार्य सप्ताह जरूरी

बैंक कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते काम के दबाव का असर उनके निजी जीवन और स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस के लिए पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग की। कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि अत्यधिक काम के दबाव के कारण कई बैंककर्मियों ने आत्महत्या तक की है। उनका कहना है कि काम के घंटे और कार्यभार को लेकर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

PLI में समानता की भी मांग

धरना-प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने PLI यानी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव में समानता की मांग भी उठाई। कर्मचारियों का आरोप है कि मौजूदा व्यवस्था में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों को अधिक लाभ मिलता है, जबकि बैंकिंग क्षेत्र के करीब 95 प्रतिशत कर्मचारी और अधिकारी स्केल-3 तक के हैं। कर्मचारियों की मांग है कि PLI व्यवस्था में किसी भी तरह का भेदभाव खत्म किया जाए और सभी स्तर के कर्मचारियों को समान एवं न्यायोचित लाभ दिया जाए।

सितंबर के बाद अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

बैंक कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों के अनुसार सितंबर के अंत में तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार और संबंधित पक्षों की ओर से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन जारी रहेगा।

संबंधित खबरें