Samachar Post रिपोर्टर, रांची : सेना, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से कथित ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कोलकाता मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर रांची पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है। वह रांची सदर थाना क्षेत्र के आरटीसी स्कूल, लवकुश टावर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसे रिंग रोड स्थित एक होटल से पकड़ा गया। उसके ठिकाने से कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
सरकारी नौकरी का झांसा देकर रकम लेने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर युवाओं से पैसे लेता था। इसके बाद सेना या MES में नियुक्ति से जुड़े कथित फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर उन्हें विश्वास में लिया जाता था। जांच के दौरान बरामद कागजातों की पड़ताल में सेना और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस से संबंधित कई दस्तावेज कथित तौर पर फर्जी पाए गए। पुलिस का कहना है कि इन दस्तावेजों के जरिए भर्ती प्रक्रिया को वास्तविक दिखाने की कोशिश की जाती थी।
शिकायतकर्ता से 6.50 लाख रुपये लेने की बात
मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता योगेश कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को कथित तौर पर 6.50 लाख रुपये का भुगतान किया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रकम किस खाते में पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। फर्जी दस्तावेज तैयार करने और युवाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया की भी पड़ताल की जा रही है।
चंदन और मृत्युंजय की भूमिका की जांच
प्राथमिकी में गौतम कुमार के अलावा चंदन कुमार सिंह और मृत्युंजय कुमार के नाम भी सामने आए हैं। गौतम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कथित गिरोह ने अब तक कितने युवाओं को निशाना बनाया और नौकरी के नाम पर कितनी रकम की वसूली की गई।
यह भी पढ़ें : गोड्डा में कचरे के ढेर में मिली नवजात बच्ची, पुलिस जांच में जुटी
फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क की तलाश
मामले की जांच में अब पुलिस का फोकस फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क पर है। साथ ही कथित तौर पर ठगी के शिकार युवाओं से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि गिरोह की गतिविधियों और उसके नेटवर्क के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।