बोकारो में कूलिंग पॉंड में मिला 20 वर्षीय छात्र का शव, आत्महत्या की आशंका

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के कूलिंग पॉंड में शुक्रवार सुबह 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-9 निवासी रोशन कालिंदी के रूप में हुई है। वह सिटी कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था और सेक्टर-9 स्थित क्वार्टर नंबर 134, स्ट्रीट नंबर 11 में परिवार के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हुई है।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने देखा शव

सेक्टर-4 थाना के एसआई एमए हक के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान कूलिंग पॉंड के पास पानी में एक व्यक्ति का सिर दिखाई दिया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां युवक का शव मिला। इसके बाद शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

गुरुवार शाम घर से निकला था रोशन

परिजनों के अनुसार, रोशन गुरुवार शाम करीब 7 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह कूलिंग पॉंड में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की।

आत्महत्या की आशंका, वजह की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि शुरुआती परिस्थितियां आत्महत्या की ओर इशारा कर रही हैं। परिजन भी फिलहाल किसी स्पष्ट वजह के बारे में जानकारी नहीं दे सके हैं। बताया गया है कि रोशन पिछले कुछ दिनों से कुछ गुमसुम रह रहा था। हालांकि, इसे लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग से कोलकाता जा रही विजय रथ बस वर्धमान के पास दुर्घटनाग्रस्त, कई यात्री घायल

मोबाइल और अन्य पहलुओं की भी जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सेक्टर-4 थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के तहत रोशन के मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

संबंधित खबरें