Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : हजारीबाग से कोलकाता जा रही विजय रथ बस शुक्रवार तड़के पश्चिम बंगाल के वर्धमान के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा करीब सुबह 3 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में करीब आधा दर्जन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहत टीम ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
स्टेयरिंग में फंस गया बस चालक
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बस चालक स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और राहत कर्मियों ने काफी प्रयास किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घायलों का वर्धमान अस्पताल में इलाज
दुर्घटना में घायल यात्रियों को वर्धमान अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के कारण बस में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही
वर्धमान के पास हुई इस दुर्घटना के कारण का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारी हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं। हादसे में बस को हुए नुकसान और यात्रियों की स्थिति को लेकर आगे की जानकारी संबंधित अधिकारियों की जांच और अस्पताल से मिलने वाली रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।