छात्रों पर दर्ज केस को लेकर भाजपा का सरकार पर हमला, 8 सितंबर से DC-SP कार्यालयों का घेराव

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा ने झारखंड सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने सरकार से छात्रों पर दर्ज मामले तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर 8 सितंबर से राज्य के अलग-अलग जिलों में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान डीसी और एसपी कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद विभिन्न सरकारों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। अब जब छात्र रोजगार और अन्य मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं तो उन पर मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग में दुर्गोत्सव की तैयारियां शुरू, बड़ा बाजार महासमिति ने विधि-विधान से की काठ पूजा

छात्रों के आंदोलन और कार्रवाई को लेकर सरकार पर सवाल

भाजपा नेता ने कहा कि रांची में छात्रों ने रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि छात्रों के साथ कथित मारपीट की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि राज्य के कई कोचिंग संस्थानों के संचालकों को भी दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है। भाजपा ने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर कार्रवाई की जा रही है तो छात्रों के साथ मारपीट के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मुख्य सचिव से केस वापस लेने की मांग

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा शुरू से ही छात्रों पर दर्ज मामलों का विरोध कर रही है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने करीब 48 घंटे पहले मुख्य सचिव से मुलाकात कर छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है और पुलिस कार्रवाई के जरिए उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा ने कहा कि राज्य सरकार को छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दर्ज मामलों पर पुनर्विचार करना चाहिए।

8 सितंबर से शुरू होगा चरणबद्ध आंदोलन

तारीखआंदोलन वाले जिले
8 सितंबररांची, दुमका, गिरिडीह, गढ़वा
9 सितंबरकोडरमा, साहिबगंज, पलामू, चाईबासा
10 सितंबरसरायकेला-खरसावां, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार, चतरा
11 सितंबरजामताड़ा, खूंटी

भाजपा ने कहा है कि यदि छात्रों पर दर्ज मामले वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें