Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में गुरुवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। दोनों ईंधनों के दाम में 38 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। नई दर लागू होने के बाद रांची में पेट्रोल की कीमत 105.64 रुपये और डीजल की कीमत 100.87 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता प्रमोद कुमार के अनुसार, तेल कंपनियों ने नई कीमतें जारी कर दी हैं। संशोधित दरें 3 सितंबर की सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
पेट्रोल 105.64 और डीजल 100.87 रुपये प्रति लीटर
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से जारी कीमतों के मुताबिक, 2 सितंबर को रांची में पेट्रोल 105.26 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था। 38 पैसे की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत अब 105.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसी तरह डीजल का दाम 100.49 रुपये से बढ़कर 100.87 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

यह भी पढ़ें : देवघर में घर की दीवार गिरने से 76 वर्षीय वृद्ध की मौत, मलबे में दबने से गई जान
XP95 और एक्स्ट्रा ग्रीन के दाम भी बढ़े
पेट्रोल के प्रीमियम वेरिएंट की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। एक्स्ट्रा प्रीमियम (XP95) पेट्रोल की कीमत 38 पैसे बढ़कर 114.55 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पहले इसकी कीमत 114.17 रुपये थी। वहीं एक्स्ट्रा ग्रीन (X) की कीमत 105.99 रुपये से बढ़कर 106.37 रुपये प्रति लीटर हो गई है। नई दर लागू होने के बाद रांची में वाहन चालकों को पेट्रोल और डीजल के लिए पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


