Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) के निर्माण और रखरखाव को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने राज्य में 10 हजार से अधिक PCU ट्रैफिक वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के बाद कई सड़कों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपने का निर्णय लिया है। मंत्रालय की ओर से 21 अगस्त 2026 को झारखंड के मुख्य सचिव और NHAI चेयरमैन को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 29 जून 2026 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्गों की दोबारा समीक्षा की गई।
पूरे NH नेटवर्क को राज्य से वापस लेने पर भी विचार
मंत्रालय ने झारखंड सरकार से राज्य में मौजूद पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को वापस लेने के विकल्प पर भी विचार शुरू किया है। इसके तहत NH से जुड़े निर्माण और रखरखाव कार्यों को MoRTH के प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट (PIU) के माध्यम से कराने की संभावना जताई गई है।इसका मतलब यह हुआ कि आने वाले समय में झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की जिम्मेदारी राज्य सरकार से हटाकर केंद्र की एजेंसियों के हाथों में देने का दायरा और बढ़ सकता है। मंत्रालय के अवर सचिव शोभा बसिल के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि ये निर्णय सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लिए गए हैं।
NH-20 का बड़ा हिस्सा NHAI को सौंपा जाएगा
निर्णय के अनुसार NH-20 को तत्काल NHAI के हवाले किया जाएगा। हालांकि इसके किमी 116 से 176 तक के हिस्से को फिलहाल अलग रखा गया है, क्योंकि इस खंड पर काम चल रहा है। मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा परियोजना का काम पूरा होने के बाद इस हिस्से को भी NHAI को सौंप दिया जाएगा।

NH-139, NH-522 और NH-114A भी NHAI के पास जाएंगे
इसके अलावा NH-139, NH-522 और NH-114A को भी तत्काल NHAI को हस्तांतरित करने का फैसला लिया गया है। मंत्रालय ने इसके पीछे यह वजह बताई है कि इन राजमार्गों पर फिलहाल कोई निर्माण कार्य प्रगति पर नहीं है। वहीं NH-220 को फिलहाल झारखंड के पथ निर्माण विभाग (PWD) के पास ही रखने का निर्णय लिया गया है। इस सड़क की जिम्मेदारी अभी राज्य स्तर पर ही बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें : SIR में BLA की भूमिका तय, निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों से प्रक्रिया का पालन करने की अपील की
दो NH के कुछ हिस्सों का काम PIU धनबाद करेगा
इसके अलावा NH-419 के किमी 49 से 65 और NH-133 के किमी 93 से 131 तक के हिस्सों का काम आगे भी PIU धनबाद, MoRTH के माध्यम से कराया जाएगा। केंद्र के इस फैसले के बाद झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, रखरखाव और प्रबंधन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की संभावना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

