हॉकी इंडिया ने बढ़ाया अंतरराष्ट्रीय सहयोग का दायरा, ग्रेट ब्रिटेन, रूस और न्यूजीलैंड से हुई अहम बातचीत

Samachar Post | August 31, 2026 | 11:33 PM IST
  • विश्व कप 2026 के दौरान हॉकी विकास, कोचिंग और टीम एक्सचेंज कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : हॉकी के विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से हॉकी इंडिया ने बड़ा कदम उठाया है। नीदरलैंड के एम्स्टेलवीन और बेल्जियम के वावरे में आयोजित एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह और महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव ने ग्रेट ब्रिटेन हॉकी, रूसी फील्ड हॉकी महासंघ और हॉकी न्यूजीलैंड के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं।

इन बैठकों में कोचिंग, तकनीकी विशेषज्ञता, खिलाड़ियों के विकास, खेल विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से जुड़े सहयोग के अवसरों पर चर्चा की गई।

भारत-ग्रेट ब्रिटेन हॉकी संबंधों को मजबूत करने पर जोर

ग्रेट ब्रिटेन हॉकी के अध्यक्ष डॉन विलियम्स के साथ हुई बैठक में दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे हॉकी संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

इस दौरान कोच, अंपायर, तकनीकी अधिकारियों और प्रदर्शन विशेषज्ञों के लिए कार्यशाला व आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। साथ ही हाई परफॉर्मेंस सिस्टम, मैच विश्लेषण, खेल विज्ञान और खिलाड़ियों की तैयारी से जुड़ी विशेषज्ञता साझा करने पर भी चर्चा हुई।

रूस ने हॉकी इंडिया के मॉडल में दिखाई रुचि

रूसी फील्ड हॉकी महासंघ के अध्यक्ष एंटोन मोरोज के साथ बातचीत में दोनों देशों के बीच संस्थागत और खेल संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

रूस ने हॉकी इंडिया के कामकाज और विकास योजनाओं की सराहना करते हुए उसके ढांचे और कार्यप्रणाली को विस्तार से समझने में रुचि दिखाई।

भारत-न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय सीरीज की संभावना

हॉकी न्यूजीलैंड के साथ हुई चर्चा में पुरुष और महिला टीमों के लिए नियमित घरेलू और विदेशी द्विपक्षीय सीरीज आयोजित करने के प्रस्ताव पर बात हुई। हॉकी न्यूजीलैंड की सीईओ मिशेल हॉलैंड्स ने हाल में हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के अपने अनुभव को उपयोगी बताया। उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच 100 वर्षों के खेल संबंधों को यादगार बनाने के लिए भारतीय टीम को न्यूजीलैंड दौरे का निमंत्रण भी दिया।

हॉकी इंडिया ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सहयोग से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों को नए अनुभव मिलेंगे और वैश्विक स्तर पर हॉकी के विकास को गति मिलेगी।

Share this news

संबंधित खबरें