Samachar Post रिपोर्टर, रांची : ओडिशा के पुरी में समुद्र तट के समीप अब झारखंड सरकार का अपना गेस्ट हाउस बनाने की तैयारी है। प्रस्तावित भवन के निर्माण पर करीब 99 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। फिलहाल पुरी में झारखंड सरकार का गेस्ट हाउस किराये के भवन में संचालित हो रहा है। नए गेस्ट हाउस के निर्माण का प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है और भवन निर्माण विभाग से इसका तकनीकी अनुमोदन भी मिल चुका है। अब प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने DPR को दी मंजूरी
नए गेस्ट हाउस की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद योजना को प्रशासनिक मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रस्तावित गेस्ट हाउस में झारखंड से पुरी जाने वाले मंत्रियों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आम लोगों के ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। आम लोगों को यहां ठहरने के लिए संबंधित विभाग के माध्यम से बुकिंग करानी होगी।

पुरी में 0.35 एकड़ जमीन उपलब्ध
गेस्ट हाउस के निर्माण के लिए ओडिशा सरकार ने अपने इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (IDCO) के माध्यम से पुरी सदर के ग्राम बालुखंडा में झारखंड सरकार को 0.35 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। यह जमीन कोणार्क वन्यजीव अभयारण्य के समीप बताई गई है। प्रस्तावित स्थान पुरी के समुद्र तट के नजदीक है, जिससे यहां आने वाले झारखंड के लोगों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें : रांची में लेप्टोस्पायरोसिस के 130 से ज्यादा मरीज मिले, बारिश में जलजमाव से बढ़ा संक्रमण का खतरा
भगवान जगन्नाथ मंदिर से करीब 8 किमी दूर
प्रस्तावित झारखंड गेस्ट हाउस भगवान जगन्नाथ मंदिर से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर बनाया जाएगा। गेस्ट हाउस के निर्माण के बाद पुरी आने वाले झारखंड के सरकारी प्रतिनिधियों के साथ आम यात्रियों को भी ठहरने के लिए एक स्थायी विकल्प मिल सकेगा। फिलहाल योजना की प्रशासनिक स्वीकृति और आगे की निर्माण प्रक्रिया पूरी की जानी बाकी है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

