JSSC-CGL मामले में 100 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ, 2 दर्जन और को समन; जांच में खुल रहे नए राज

Meenu | August 25, 2026 | 11:07 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) का दायरा लगातार बढ़ रहा है। जांच एजेंसी अब तक करीब 100 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ कर चुकी है। सोमवार को भी एसआईटी ने करीब 20 अभ्यर्थियों से पूछताछ की। जांच के दौरान जिन अभ्यर्थियों की भूमिका संदिग्ध पाई जा रही है, उनसे क्रमवार पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें : झारखंड के युवाओं को मिलेगी एयर होस्टेस और ग्राउंड क्रू की ट्रेनिंग, विमानन क्षेत्र में रोजगार के अवसर

दो दर्जन सफल अभ्यर्थियों को फिर भेजा गया समन

जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी ने मंगलवार को करीब दो दर्जन और सफल अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इन अभ्यर्थियों से परीक्षा में उनकी भूमिका, चयन प्रक्रिया और कथित संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली जाएगी। एसआईटी यह भी पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं का लाभ किन अभ्यर्थियों को मिला और उनके बीच किसी तरह का संपर्क या लेन-देन था या नहीं। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना है।

अभय तिवारी से लगातार पूछताछ

जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में सीआईडी ने सोमवार को भी अभय तिवारी से पूछताछ की। जांच में अभय को कथित तौर पर मामले का मास्टरमाइंड चिन्हित किया गया है। सीजीएल परीक्षा के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने वाला अभय फिलहाल टीडीपीएल में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। उससे परीक्षा में कथित अनियमितता और उससे जुड़े लोगों के बारे में लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। मंगलवार को भी उससे पूछताछ जारी रहने की बात सामने आई है।

पत्नी और भाई को पूछताछ के बाद भेजा गया जेल

मामले में गिरफ्तार अभय तिवारी की पत्नी सुषमा और भाई अक्षय से भी पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि सुषमा और अक्षय भी सीजीएल परीक्षा में सफल होकर सरकारी नौकरी हासिल कर चुके हैं। एसआईटी अब दोनों की भूमिका के साथ-साथ अन्य संदिग्ध अभ्यर्थियों से उनके संभावित संपर्क और मामले में किसी तरह की संलिप्तता की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें