Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर क्रॉस रोड नंबर-14 में घर की आलमारी के लॉकर से करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। मकान मालकिन जीनत उर्फ निशा ने मानगो थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीनत उर्फ निशा के अनुसार, शनिवार को किसी काम से उन्होंने घर की आलमारी का लॉकर खोला। लॉकर में रखे सोने के जेवरात वहां नहीं मिले। उन्होंने बताया कि लॉकर में सोने की दो अंगूठियां और एक चेन रखी हुई थी। इनकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़ें : JSSC-CGL केस: साइबर थाने में अभय तिवारी से पूछताछ जारी, पेपर लीक मामले में CID खंगाल रही कड़ियां
परिचित महिला पर चोरी का शक
मकान मालकिन ने पुलिस को बताया कि 7 अगस्त को रोड नंबर-14 में किराये पर रहने वाले उमर की पत्नी सलीमन बीबी उनके घर आई थीं। उनके अनुसार, इसके बाद घर में कोई अन्य व्यक्ति नहीं आया। इसी आधार पर जीनत उर्फ निशा ने सलीमन बीबी पर गहने चोरी करने का शक जताया है। हालांकि, यह फिलहाल शिकायतकर्ता का आरोप और संदेह है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी किसने की।

बंद लॉकर तक कैसे पहुंची आरोपी, पुलिस कर रही जांच
मानगो पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आलमारी के बंद लॉकर तक किसी की पहुंच कैसे हुई और गहने कब गायब हुए। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

