सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें, कानून हाथ में न लें, वरना हो सकती है कानूनी कार्रवाई: रांची पुलिस

Meenu | August 23, 2026 | 02:10 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : सोशल मीडिया पर फैल रही कथित अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर रांची पुलिस ने नागरिकों को सतर्क किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खबर, वीडियो, संदेश या सूचना पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और ऐसी सामग्री को आगे शेयर करने से बचें। रांची पुलिस के मुताबिक, कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व जानबूझकर झूठी, भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इनका उद्देश्य लोगों को उकसाना और उन्हें नियम-कानून के खिलाफ कदम उठाने के लिए प्रेरित करना हो सकता है।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकराई, 37 वर्षीय युवक की मौत

अफवाहों से सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश का दावा

पुलिस ने कहा है कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के लिए समाज में अशांति, वैमनस्य और तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी जानकारी को तुरंत सच मानकर प्रतिक्रिया देने से लोगों को बचना चाहिए। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री को आगे प्रसारित न करें।

रांची पुलिस ने क्या अपील की?

रांची पुलिस ने लोगों से कहा है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली किसी भी संदिग्ध सूचना की पहले पुष्टि करें। यदि कोई सामग्री भड़काऊ या संदिग्ध लगती है, तो उसे वायरल करने के बजाय संबंधित पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। पुलिस के अनुसार, अफवाहों के आधार पर कानून हाथ में लेना न केवल सामाजिक शांति के लिए नुकसानदेह हो सकता है, बल्कि संबंधित व्यक्ति के लिए कानूनी परेशानी भी खड़ी कर सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों और वीडियो को लेकर सतर्क रहें। किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसके स्रोत और सत्यता की जांच करें।

हालांकि, पुलिस ने नहीं बताया किस अफवाह को लेकर चेतावनी

रांची पुलिस की अपील में सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कथित अफवाहों का जिक्र तो किया गया है, लेकिन किस घटना, पोस्ट या सूचना के संदर्भ में यह चेतावनी जारी की गई है, इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि सोशल मीडिया पर इस समय कौन-सी विशेष जानकारी या सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिसे लेकर नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Share this news

संबंधित खबरें