हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो को लगी गोली

Meenu | August 22, 2026 | 11:37 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : जिले में शनिवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के दौरान गिद्दी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्ध अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें : टाटानगर स्टेशन पार्किंग में मारपीट, तीन युवक घायल; पुलिस ने अस्पताल से मांगी मेडिकल रिपोर्ट

चेकिंग के दौरान सामने आए तीन बाइक सवार

पुलिस के मुताबिक, बड़कागांव और उरीमारी थाना की पुलिस को सूचना मिली थी कि रामगढ़ के भुरकुंडा की तरफ से कुछ अपराधी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कांटा घर रोड के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक वहां पहुंचे।

रुकने के इशारे के बाद पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से दो संदिग्ध अपराधी घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। वहीं तीसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को राहुल दुबे गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। गोली लगने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। जंगल और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तीनों संदिग्ध किस वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में पहुंचे थे।

Share this news

संबंधित खबरें