Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की राजधानी रांची में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। बताया जा रहा है कि धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलते ही रांची पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने सचिवालय एवं मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी। एहतियात के तौर पर झारखंड जगुआर की बम निरोधक एवं डॉग स्क्वॉड (BDDS) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में करीब चार घंटे तक व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान परिसर के विभिन्न हिस्सों की गहन तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है।

विधानसभा को मिली धमकी के बाद बढ़ी सतर्कता
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में झारखंड विधानसभा को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उसी के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं। विधानसभा को मिली धमकी के मामले में संबंधित पदाधिकारी की शिकायत पर विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। धमकी भरे ई-मेल की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञ और जांच एजेंसियां ई-मेल के स्रोत, भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता का पता लगाने में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें : बिहार में भीषण सड़क हादसा, आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने कुचला; 6 की मौत
सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
घटना के बाद सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। अधिकारियों ने सुरक्षा कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

