Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की विस्तारित केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को रांची के हरमू स्थित सोहराय भवन में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। बैठक में झामुमो के सांसद, मंत्री, विधायक, केंद्रीय समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, जिलाध्यक्ष, जिला सचिव, महानगर अध्यक्ष, महानगर सचिव और जिला संयोजक शामिल होंगे। संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
MMDR संशोधन विधेयक पर बनेगी आंदोलन की रूपरेखा
बैठक का मुख्य एजेंडा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (MMDR Amendment Bill) के खिलाफ पार्टी की रणनीति तय करना है। झामुमो पहले ही इस विधेयक का विरोध जता चुका है और इसे झारखंड सहित खनिज संपदा वाले राज्यों के हितों के खिलाफ बता रहा है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्यव्यापी आंदोलन के स्वरूप, कार्यक्रमों और संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व आंदोलन को जनस्तर तक ले जाने की संभावनाओं पर भी विचार कर सकता है। MMDR विधेयक के विरोध के अलावा बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होगी। पार्टी विभिन्न जिलों में संगठन के विस्तार और समन्वय को मजबूत करने की दिशा में भी रणनीति तैयार कर सकती है।
यह भी पढ़ें : JPSC परीक्षा रद्द करने के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती, पूर्व डिप्टी कलेक्टर सोनम कुमारी की याचिका पर आज सुनवाई

बैठक के बाद हो सकता है बड़ा ऐलान
राजनीतिक हलकों की नजर इस बैठक पर टिकी हुई है, क्योंकि इसके बाद झामुमो की आगामी राजनीतिक और आंदोलनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा स्पष्ट होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद पार्टी MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में अपने अगले कार्यक्रमों और आंदोलन की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

