राहुल गांधी ने CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, छात्रों की समस्या संवेदनशीलता से सुलझाने की अपील

Meenu | August 17, 2026 | 12:30 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने राज्य के छात्र-युवाओं की समस्याओं का जल्द समाधान करने और आंदोलन को संवेदनशीलता के साथ खत्म कराने की अपील की है। रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा राहुल गांधी का पत्र लेकर रांची पहुंचे और शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र सौंपा।

यह भी पढ़ें : सरायकेला: 25 करोड़ से बना नया चांडिल अनुमंडल अस्पताल तैयार, लेकिन मरीजों को अब भी नहीं मिल रही सुविधा

शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का किया जिक्र

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि संविधान में निहित शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार लोकतंत्र के मूल स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है। पत्र में राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर RSS और BJP पर भी राजनीतिक आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को छात्रों के शोषण और दमन का साधन बनाया जा रहा है।

झारखंड के छात्रों की मांगों को बताया जायज

राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड में छात्र राज्य की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उनके मुताबिक, छात्रों का आंदोलन अब तक शांतिपूर्ण रहा है और उनकी मांगें जायज हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड सरकार ने गठित समिति के माध्यम से छात्रों के साथ संवाद शुरू किया है और कई मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई है। हालांकि, इसके बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुझाव दिया कि वह खुद आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सीधी बातचीत से छात्रों की बची हुई चिंताओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता मजबूत होगी और आंदोलन को समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया जा सकेगा।

‘युवा ही देश का भविष्य’

राहुल गांधी ने कहा कि भारत के युवा देश का भविष्य हैं और मौजूदा संकट के समय उनके साथ एकजुटता और समर्थन के साथ खड़ा होना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सुनने और इस मुद्दे के समाधान के लिए उचित कार्रवाई करने की अपील की है।

आगे की बातचीत पर टिकी नजर

राहुल गांधी के पत्र के बाद छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां बढ़ गई हैं। अब सभी की नजर सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच होने वाली अगली बातचीत पर है। छात्रों की मांगों पर समाधान निकलता है या आंदोलन आगे जारी रहता है, यह बातचीत के परिणाम पर निर्भर करेगा।

Share this news

संबंधित खबरें