Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गालुडीह थाना पुलिस ने करीब 11 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया है।
यह भी पढ़ें : झारखंड में 19 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा की खेप लेकर जमशेदपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया। इसके बाद संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई।
गालुडीह बराज के पास घेराबंदी
पुलिस टीम ने गालुडीह बराज के पास कैनाल रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल से आ रहे तीन लोगों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया और इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर निवासी: रमेश कुमार सिंह (43 वर्ष), श्याम नाथ राय (38 वर्ष), बाबूलाल यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े होने की जानकारी दी है। मामले में गालुडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 111(4) के साथ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B), 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे जमशेदपुर में किसे पहुंचाया जाना था। छापामारी टीम में गालुडीह थाना प्रभारी अजय बागे, सअनि संजय कुमार समेत थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।

Reporter | Samachar Post

